हैवतपुरा गांव की प्रधान रामदेवी के छोटे बेटे और एलएलबी छात्र संजय सिंह उर्फ संजू (33) की हत्या पिस्टल से की गई थी। शुक्रवार को डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में उसके सिर के भीतर गोली फंसी मिली। अब तक पुलिस तमंचे से हत्या की आशंका जता रही थी, लेकिन पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट हो गया कि वारदात में पिस्टल का इस्तेमाल किया गया। पुलिस अब हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की भी तलाश कर रही है।

पोस्टमार्टम में कनपटी के पास गोली का प्रवेश घाव मिला, जबकि गोली खोपड़ी के भीतर ही फंसी रही। डॉक्टरों के अनुसार गोली के प्रभाव से मस्तिष्क को गंभीर क्षति पहुंची और अत्यधिक रक्तस्राव भी मौत का प्रमुख कारण बना। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गौरतलब है कि बृहस्पतिवार रात संजय अपने चार दोस्तों के साथ इलाइट चौराहे से करीब 300 मीटर दूर स्थित द मेड किचन रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक खाना खाने के बाद अचानक पहुंचे एक युवक ने संजय की कनपटी से सटाकर गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में उसके भाई सर्वेश सिंह की तहरीर पर नवाबाद थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

कई महीनों से गांव नहीं गया था संजय

परिजनों के अनुसार संजय ने पिछले कुछ समय से परिवार से दूरी बना रखी थी। वह करीब छह वर्ष से नंदनपुरा में किराये के मकान में रह रहा था और पिछले लगभग तीन माह से गांव भी नहीं गया था। उसका बड़ा भाई सर्वेश गांव में रहकर प्रधान मां के कार्यों में सहयोग करता है। सर्वेश ने बताया कि परिवार के लोग संजय पर शादी के लिए दबाव डालते थे, इसलिए वह गांव आने से बचता था और अधिकतर फोन पर ही मां से बात करता था। नंदनपुरा में रहकर वह एलएलबी की पढ़ाई के साथ अधिवक्ता दशरथ सिंह के यहां मुंशी का काम करता था। इसके अलावा परवई निवासी धर्मेंद्र परिहार के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य भी कर रहा था। परिवार के अनुसार गांव में किसी से उसकी कोई रंजिश नहीं थी और न ही प्रधानी को लेकर कोई विवाद था।

सीसीटीवी फुटेज से मिले अहम सुराग

एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया कि एसओजी और पुलिस की संयुक्त टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच में कुछ अहम सुराग मिले हैं। पुलिस हत्या के कारणों के साथ-साथ घटना में प्रयुक्त पिस्टल और उसे उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की भी तलाश कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *