महानगर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और आवागमन सुलभ करने को लेकर कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। डीएम गौरांग राठी ने जाम से निजात दिलाने के लिए कई जगहों की सड़क चौड़ीकरण और मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इन कामों को पूरा करने की समय सीमा भी तय कर दी।
बैठक में सीओ ट्रैफिक रामवीर सिंह ने महानगर के प्रमुख चौराहों, तिराहों पर जाम लगने के मुख्य कारण और कार्यदायी संस्थाओं की बुकलेट के जरिये जानकारी दी। सखी के हनुमान मंदिर अंडरपास से कानपुर की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर लगभग सौ मीटर आगे दो खंभे और सड़क बेहद खराब व संकरी है। मेडिकल बाईपास पर कार एजेंसी के सामने सड़क खराब है। कानपुर जाने वाले मार्ग पर निजी अस्पताल से रेस्टोरेंट के बीच और सुलभ कॉम्प्लेक्स के सामने से मेडिकल तिराहा तक सड़क खराब होने से वाहनों को निकलने में समस्या होती है। यही जाम के कारण हैं। डीएम ने एनएचएआई के परियोजना निदेशक को 14 मई तक जाम से मुक्ति दिलाने के निर्देश दिए।
बताया गया कि मेडिकल कॉलेज गेट एक से तीन तक बाईपास की ओर जाने वाली सड़क पर डिवाइडर तोड़ने से इसके क्षतिग्रस्त होने, गेट नंबर तीन के सामने प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग लगाने के लिए दो बड़े ओवरहेड खंभे से भी जाम की समस्या होती है। डीएम ने 10 मई तक समस्या दूर करने के निर्देश दिए। बैठक में रक्सा बाईपास से पहले ओवरब्रिज शुरू होते ही सड़क के दोनों ओर सर्विस रोड खराब होने की जानकारी दी गई। बताया गया कि ग्वालियर और शिवपुरी की तरफ आने पर ओवरब्रिज के दोनों ओर की सर्विस रोड पर गड्ढे होने से वाहन धीमी गति से निकलते हैं। इससे भी जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। कई बार वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं।
यह अफसर रहे मौजूद
इसी तरह, सिमरधा तिराहा से रक्सा बाईपास की ओर सौ मीटर पहले दोनों तरफ की सर्विस रोड खराब होने, तिराहा से कानपुर रोड की ओर 50 मीटर दूरी तक सड़क खराब होने की जानकारी दी गई। डीएम ने एनएचएआई पीडी को 10 मई तक कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा अतिक्रमण और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। इस दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट आयुष सैनी, एडीएम प्रशासन शिवप्रताप शुक्ल, एसपी सिटी प्रीति सिंह, एडीएम न्याय अरुण कुमार गौड़, अपर नगर आयुक्त रोली गुप्ता, सिटी मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, एनएचएआई पीडी मनोज कुमार, लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन रजनीश गुप्ता मौजूद रहे।
