डीएम गौरांग राठी ने कलक्ट्रेट परिसर के पटल और कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। चकबंदी अनुभाग में बंदोबस्त अधिकारी प्रेमप्रकाश भारती और वरिष्ठ लिपिक मतेंद्र कुमार अनुपस्थित मिले। कनिष्ठ लिपिक के पास अलमारी की चाबी नहीं मिली। 27 मार्च से विभाग में आने वाली पत्रावलियों का रजिस्टर में अंकन भी नहीं मिला। इसे अनुशासनहीनता मानते हुए मतेंद्र कुमार से जवाब तलब कर लिया है।
पदभार ग्रहण करने के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को डीएम के निरीक्षण में न्याय अभिलेखागार में न्याय अभिलेखापाल हरिशंकर कुशवाहा भी अनुपस्थित मिले। उन्हें भी नोटिस जारी किया गया है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संयुक्त कार्यालय का अवलोकन कर वहां संचालित कामों की समीक्षा की। हॉल में विद्युत व्यवस्था पर्याप्त रखने, पटल पर कूलर लगवाने और पंखों पर जमी धूल को साफ कराने के निर्देश दिए। राजस्व सहायक से अधिकारियों, कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका और वेतनवृद्धि की जानकारी ली। न्यायालय नगर मजिस्ट्रेट कक्ष में बिजली के तारों के अव्यवस्थित मिलने पर उसे तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। आरसी पोर्टल को भी देखा और राजस्व वसूली से संबंधित मामलों की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान एडीएम प्रशासन शिवप्रताप शुक्ल, एडीएम वित्त एवं राजस्व वरुण कुमार पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट प्रमोद झा आदि मौजूद रहे।
यह निर्देश दिए
भूमि से जुड़े अभिलेख अहम होते हैं। इनके रखरखाव में लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
आरसी से संबंधित मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
सभी कार्यालयों में साफ-सफाई दुरुस्त और अभिलेखों को भी व्यवस्थित ढंग से रखें।
