नवाबाद पुलिस ने तालपुरा में सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे आठ युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1,350 रुपये और जुए की फड़ से 8,800 रुपये एवं मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
सीओ सिटी रामवीर सिंह के मुताबिक बृहस्पतिवार रात पुलिस को तालपुरा में नेहरू पार्क जाने वाले रास्ते के पास वाली गली में कुछ लोगों के जुआ खेलने की सूचना मिली थी। थोड़ी देर में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे युवकों में भगदड़ मच गई। कुछ लोग वहां से पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। पुलिस ने आठ युवकों को घेरकर पकड़ लिया। इनमें शिवम अहिरवार (22), जितेंद्र वाल्मीकि (30), योगेश अहिरवार (25), प्रवीण वाल्मीकि (23), सूरज वंशकार (27), राहुल वर्मा (34), आकाश वंशकार (25) और सागर वाल्मीकि (32) शामिल हैं। यह सभी तालपुरा के झाड़ू वाली गली के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
