पासिंग आउट परेड होने के साथ झांसी के खाते में कुल 790 आरक्षी आए, इनमें 172 महिला एवं 618 पुरुष सिपाही शामिल हैं। रविवार को इन सभी सभी की झांसी के विभिन्न थानों में तैनाती की गई। अब झांसी पुलिस की ताकत बढ़कर करीब दो गुनी हो गई।
जनपद के 27 विभिन्न थानों में करीब 900 पुलिसकर्मी तैनात थे। सदर बाजार, कोतवाली, सीपरी बाजार, प्रेमनगर जैसे प्रमुख थानों में मानक से काफी कम पुलिसकर्मी थे। शहर के भीतर कई पुलिस चौकियां ऐसी थीं, जहां एक दरोगा और सिपाही तैनात है। चौकी का सामान्य कामकाज भी प्रभावित रहता था। वीआईपी ड्यूटी लगने पर पुलिस चौकियों में ताला तक लगने की नौबत आ जाती है। ऐसे में वरिष्ठ पुलिस अफसरों को भी इनका प्रशिक्षण पूरा होने का इंतजार था। रविवार को प्रशिक्षण पूरा होने के साथ जनपद वार इनकी तैनाती भी कर दी गई।
सबसे अधिक कोतवाली के खाते में आए सिपाही
नव प्रशिक्षु सिपाहियों में सबसे अधिक 6 महिला एवं 35 पुरुष के साथ कोतवाली को 41 सिपाही दिए गए। नवाबाद में 40, सीपरी बाजार 39, सदर बाजार 24, महिला थाना 6, प्रेमनगर 39, रक्सा 29, बबीना 29, बड़ागांव 30, टहरौली 29, बरुआसागर 29, सकरार 29, उल्दन 30, मोंठ 34, चिरगांव 34, पूंछ 35, शाहजहांपुर 25, समथर 27, मऊरानीपुर 41, टोड़ी फतेहपुर 24, कटेरा 25, लहचूरा 25, गरौठा 36, गुरसराय 36, एरच 26, ककरबई थाने में 28 नवप्रशिक्षु तैनात किए गए।
नहीं मिली छुट्टी, तुरंत ज्वाइन करने के निर्देश
पासिंग आउट परेड के साथ सभी नव प्रशिक्षुओं को तीन-चार दिन की छुट्टी दी जाती थी लेकिन, इस दफा यह छुट्टी नहीं मिली। रविवार को उनको रिलीव करते हुए थाने जाकर ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति का कहना है कि ज्वाइन करने के बाद उनको अवकाश दिया जाएगा।
महिला रिक्रूट आरक्षियों का दीक्षांत परेड समारोह…
