गर्ग बुक डिपो संचालक जितेंद्र गर्ग के मसीहागंज स्थित घर पर रविवार दोपहर घुसे चोरों ने करीब पांच लाख रुपये का सामान उड़ा दिया। कुछ देर बाद जितेंद्र के पहुंचने की आहट पर बदमाश दीवार फांदकर भाग निकले। जितेंद्र ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर में पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। इसमें बदमाशों का हुलिया कैद हो गया। पुलिस बदमाशों को तलाशने में जुट गई है।
बुक डिपो संचालक जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि रविवार दोपहर करीब 11 बजे वह घर पर ताला लगाकर दुकान गए थे। इसी दौरान मौका देखकर बदमाश किचन का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। वहां रखा करीब पांच लाख कीमत का सामन एवं नकदी समेट ले गए। करीब बीस मिनट बाद जब वह दोबारा पहुंचे, तब आवाज सुनकर चोर वहां से भाग निकले। जैसे ही वह अंदर पहुंचे कमरे का पूरा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। पूरा सामान जमीन पर बिखेर दिया था। सूचना पर मसीहागंज चौकी प्रभारी साजेश कुमार भी पहुंच गए। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया गया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। इसमें वारदात में शामिल दो चोर कैद हो गए। सीपरी बाजार थाना प्रभारी जयप्रकाश चौबे के मुताबिक प्राथमिकी दर्ज करके पुलिस बदमाशों को तलाश रही है।
