बेटे की शादी के निमंत्रण कार्ड बांटने बाइक से जा रहे पिता को बुधवार शाम कार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल पिता को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, यहां इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को उसकी मौत हो गई। जबकि, तीन दिन बाद मृतक के बेटे की शादी होनी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
जालौन जिले के थाना कोंच के चांदनी गांव निवासी श्यामबाबू (52) के बेटे संजय की छह जुलाई को बरात जानी है। श्यामबाबू के भांजे धर्मेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि बेटे की शादी को लेकर मामा बहुत खुश थे। बुधवार शाम को वह बाइक से निमंत्रण कार्ड बांटने उरई जा रहे थे। मिनेरा गांव के पास पं. घनाराम डिग्री कॉलेज के पास सामने से तेज गति में आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मामा दस फीट उछलकर दूर जा गिरे और घायल हो गया। दुर्घटना देख राहगीर इकट्ठा हो गए। उन्होंने पुलिस को हादसे की सूचना दी। पुलिस ने लोगों के सहयोग से मामा को उरई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। साथ ही निमंत्रण कार्ड पर लिखे फोन नंबर के जरिये घरवालों को सूचना दी। फिर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने घायल मामा को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां पर इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को उनकी मौत हो गई।
कार छोड़कर भाग गया ड्राइवर
मृतक के भतीजे दयाशंकर वर्मा ने बताया कि हादसे के बाद चालक मौके पर कार छोड़कर भाग गया। कार पर भाजपा नगर अध्यक्ष लिखा हुआ है। पुलिस ने कार अपने कब्जे में ले ली है। दयाशंकर ने कहा कि चाचा का पोस्टमार्टम होने के बाद वह संबंधित थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराएंगे। इस मामले में नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को साैंप दिया गया है। हादसा जालाैन में हुआ था लिहाजा रिपोर्ट वहीं दर्ज की जाएगी।
शादी वाले घर में छाया मातम
बेटे की शादी के चलते पिता श्यामबाबू तैयारियों में लगे थे। उन्होंने विवाहघर, हलवाई से लेकर सारे इंतजाम पहले से ही कर लिए थे। लगभग 80 प्रतिशत निमंत्रण कार्ड भी बंट चुके थे। खास रिश्तेदारों का घर पर आना शुरू हो गया था और घर पर खुशियों के माहौल के बीच मंगल गीत गाए जा रहे थे। इसी बीच जैसे ही दूल्हे के पिता की मौत की खबर घर पहुंची तो मातम छा गया। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
