मऊरानीपुर। क्षेत्र में शनिवार की शाम आए मौसम के अचानक बदलाव ने भारी तबाही मचाई। आंधी के साथ हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। आंधी इतनी तेज थी कि नगर में लगभग एक दर्जन से अधिक पेड़ उखड़कर जमीन पर आ गिरे। आंधी-तूफान के कारण अंबेडकर तिराहा और बसेरा सिटी के पास भारी नुकसान देखने को मिला, जहां तेज हवाओं के दबाव से कई विद्युत पोल धराशायी हो गए।
इसके अलावा, कई घरों व दुकानों के ऊपर लगे टिनशेड व होर्डिंग्स हवा में उड़कर नीचे आ गिरे, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मुख्य मार्गों में पेड़ गिरने से यातायात भी बाधित रहा। इस प्राकृतिक आपदा का सबसे बड़ा असर नगर की बिजली आपूर्ति पर पड़ा। शनिवार शाम 5 बजे गुल हुई बिजली देर रात तक वापस नहीं आ सकी, जिससे पूरा नगर अंधेरे में डूबा रहा। उमस और अंधेरे से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए विद्युत विभाग के जेई बृजकिशोर ने बताया कि आंधी के कारण कई जगह बिजली के तारों पर पेड़ और टहनियां गिर गई हैं, जिसके चलते सुरक्षा के लिहाज से बिजली की सप्लाई बंद करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि बारिश थमते ही विभागीय कर्मचारियों की टीमों को फील्ड में उतार दिया गया है। मरम्मत का कार्य जारी है और लाइनों से पेड़ हटते ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
आंधी का वीडियो…