नवाबाद के गोविंद चौराहा निवासी कौशिफ (18) ने रविवार शाम मां के दुपट्टे से फंदा बनाकर जान दे दी। कमरे से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ।
गोविंद चौराहा के पास मोहनी बाबा सैंयर गेट निवासी शाहिद अली प्राइवेट काम करते हैं। उनका बड़ा बेटा कौशिफ 11वीं कक्षा का छात्र था। पढ़ाई के साथ नंदनपुरा स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर काम करने जाता था। परिजनों ने बताया कि रविवार दोपहर कौशिफ काम से लौटकर घर आया। खाना खाने के बाद कमरे में चला गया। काफी देर तक वह नीचे नहीं आया। शाम को पिता शाहिद घर लौटे तो उसका कमरा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने पर भी जवाब नहीं मिला। उन्होंने खिड़की से अंदर देखा तो उसका शव मां के दुपट्टे से फंदा से लटका था। यह देख वह चीख उठे। पुलिस भी पहुंची। शाहिद यहां किराये के मकान में रहते थे। परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। कौशिफ का एक छोटा भाई भी है।
नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव का कहना है कि परिजन सुसाइड की वजह नहीं बता सके। जांच चल रही है।
