विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची में माता-पिता से 15 साल और दादा-दादी से 40 साल छोटे 2.38 लाख वोटर चिह्नित हुए हैं। इन सभी को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। ऐसे मतदाताओं को निर्धारित विसंगति का ही बीएलओ को साक्ष्य देना होगा। उस आधार पर मतदाता सूची में सुधार किया जाएगा।

एसआईआर के अनुसार जनपद में कुल मतदाता 15,77,337 हैं। इसमें 13,57,725 वोटरों का डाटा डिजिटाइज किया जा जा चुका है। जबकि 1,34,462 मतदाताओं की 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग नहीं हो पाई है। इन्हें भी नोटिस जारी किया गया है। छह जनवरी 2026 को आलेख्य प्रकाशन के अनुसार जनपद में 7,28,346 पुरुष और 6,29,315 महिला मतदाता हैं। ट्रांसजेंडर मतदाताओं की संख्या 64 है। इनमें 2,38,107 वोटर ऐसे हैं, जिनमें पांच में से कोई विसंगति मिली है। पहले इन्हें 27 फरवरी तक नोटिस का जवाब देना था। अब तिथि बढ़ाकर 27 मार्च कर दी गई है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि ऐसे विसंगति वाले वोटरों को नोटिस दे दिया गया है। बीएलओ के पास जाकर इन्हें विसंगति से संबंधित साक्ष्य प्रस्तुत करना होगा।

इन पांच विसंगतियों पर जारी हुए नोटिस

मैपिंग के दौरान एक व्यक्ति से छह से अधिक लोग जुड़ गए हों।

माता-पिता और बच्चों की आयु में 15 साल से कम का अंतर हो।

माता-पिता और बच्चों की आयु में 50 साल से ज्यादा का अंतर हो।

दादा-दादी और पोता-पोती की आयु में 40 साल से कम का अंतर हो।

2003 की मतदाता सूची में पिता के नाम और एसआईआर फॉर्म भरते समय पिता के नाम में अंतर हो।

24 घंटे में नए मतदाता बनने के लिए आए ढाई हजार से ज्यादा आवेदन

जनपद में 24 घंटे में ढाई हजार से ज्यादा फॉर्म-6 भरे गए हैं। बताया गया कि पांच फरवरी तक जिले में 45,790 लोगों ने नए मतदाता बनने के लिए आवेदन किया था। शुक्रवार को यह आंकड़ा बढ़कर 48,319 हो गया। इसके अलावा दो जगह की मतदाता सूची में नाम होने, परिवार के किसी सदस्य की मृत्यु हो जाने या स्थानांतरित हो जाने पर सूची से नाम कटवाने के लिए 2333 फॉर्म-7 भरे गए हैं। वहीं, मतदाता सूची में नाम, फोटो में संशोधन, बूथ बदलने के लिए 16745 लोगों ने फॉर्म-8 भरा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *