सीपरी बाजार के भोजना मंडी के पास केशवपुरा निवासी विवाहिता चंदा गुप्ता (30) पत्नी धर्मेंद्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार सुबह उसकी लाश छत पर पड़ी मिली। परिजनों की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। उसकी मौत की वजह अभी तक साफ नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस मामले की आगे जांच में जुटी है।
केशवपुर गांव निवासी धर्मेंद्र केरलम में रहकर प्राइवेट काम करता है। पत्नी चंदा, मां गीता देवी गांव में रहती हैं। उनकी शादी के दस साल हो चुके। दंपती को तीन बेटियां एवं एक बेटा है। चारों बच्चे अभी छोटे-छोटे हैं। परिजनों ने बताया तीन महीने बाद धर्मेंद्र छुट्टी मनाने 29 मई को गांव आया था। सोमवार को सास खेतों की ओर गई थी। घर में चंदा, पति धर्मेंद्र एवं बच्चे थे। धर्मेंद्र ने पुलिस को बताया कि चंदा छत को साफ करने के लिए गई थी। काफी देर तक नीचे ना आने पर उसने बड़ी बेटी सन्ध्या को ऊपर जाकर देखने के लिए भेजा। वहां चंदा अचेत हाल में पड़ी थी। परिजन उसे लेकर मेडिकल अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीपरी बाजार थाना प्रभारी जेपी चौबे का कहना है कि महिला के शरीर में कोई बाहरी चोट नहीं मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत की सही वजह मालूम चल सकेगी। इसकी जांच कराई जा रही है।
