झांसी। पुलिस की निगरानी से बचने के लिए नशे के सौदागरों ने अपनी अलग कोड भाषा बना रखी है। गांजे को ‘गीली घास’ और ‘सूखी घास’, जबकि स्मैक और हेरोइन को ‘कपड़ा’ कहकर पुकारते हैं। नशीले पदार्थों की मात्रा और परिवहन के साधनों के लिए भी अलग-अलग कोड इस्तेमाल किए जाते हैं। ओडिशा से झांसी के रास्ते उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और पंजाब तक फैले इस नेटवर्क में करोड़ों रुपये के नशीले पदार्थों की तस्करी होती है। पिछले सप्ताह नशे की खेप पकड़े जाने के बाद पूछताछ में तस्करों की इस कोड भाषा और उनके नेटवर्क का खुलासा हुआ।
नशे के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की कार्रवाई तेज होने और उत्तर प्रदेश में करीब तीन साल पहले नारकोटिक्स थानों की स्थापना के बाद एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने कई गांजा तस्कर गिरोहों का भंडाफोड़ किया। पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए अब तस्करों ने बातचीत और खेप पहुंचाने के तरीके बदल लिए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ओडिशा से गांजा खरीदने से लेकर दूसरे राज्यों तक सप्लाई करने के दौरान गिरोह के सदस्य कोडवर्ड का इस्तेमाल करते हैं।
गांजे के लिए चावल, चना और पत्ता
तस्कर फोन पर बातचीत के दौरान गांजे का नाम लेने से बचते हैं। इसके लिए चावल, चना और पत्ता जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया जाता है। खेप रवाना होने की जानकारी लेने के लिए पूछा जाता है कि अनाज लदकर चला या नहीं। वहीं, गांजे और अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाली खेप के लिए घास, गीली घास और सूखी घास जैसे कोड प्रचलित हैं।
स्मैक-हेरोइन के लिए ‘कपड़ा’
स्मैक और हेरोइन की पहचान छिपाने के लिए तस्कर ‘कपड़ा’ शब्द का इस्तेमाल करते हैं। इसकी मात्रा बताने के लिए मीटर का कोड अपनाया जाता है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एक मीटर कपड़ा का मतलब एक किलोग्राम और आधा मीटर का मतलब 500 ग्राम होता है। झांसी यूनिट के एएनटीएफ प्रभारी चंदन पांडेय का कहना है कि टीम को तस्करों के काम करने के तरीकों की जानकारी है। इसी आधार पर उनकी गतिविधियों पर नजर रखकर गिरोह तक पहुंचा जाता है।
5 टी, 5 बी और 5 सी का खेल
नशीले पदार्थों की खेप पहुंचाने में इस्तेमाल होने वाले परिवहन के साधनों की पहचान छिपाने के लिए भी कोड बनाए गए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 5 टी का मतलब पांच ट्रेन बदलकर सफर करना और 5 बी का मतलब पांच बार बस बदलना होता है। वहीं, 5 सी का संबंध कार से सफर करने से बताया जाता है। तस्कर रास्ते में परिवहन के साधन बदलते हैं, ताकि एक ही माध्यम से उनकी पूरी गतिविधि का पता न चल सके। गिरोह में महिलाओं की भूमिका भी सामने आने लगी है।
झांसी के रास्ते यूपी के अलावा चार राज्यों तक सप्लाई
झांसी एएनटीएफ की टीम ने पिछले हफ्ते मध्य प्रदेश के जबलपुर में गांजा तस्करी करने वाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया था। पूछताछ में सामने आया कि झांसी के रास्ते उत्तर प्रदेश के अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और पंजाब तक गांजे की खेप पहुंचाई जाती है। दिल्ली और पंजाब तक सप्लाई में ट्रेन का इस्तेमाल किया जाता है, जबकि मध्य प्रदेश और राजस्थान के लिए झांसी-ललितपुर हाईवे का रास्ता अपनाया जाता है। ओडिशा के गजपति, कंधमाल, भवानीपटना और फूलबानी समेत अन्य इलाकों से गांजे की खेप इन राज्यों तक भेजी जाती है।
