ललितपुर। कस्बा बांसी समेत आसपास के लोगों को अब सार्वजनिक व अन्य कार्यक्रमों के लिए महंगे विवाहघर और होटल बुक करने से राहत मिलने वाली है। ब्लॉक बार के अंतर्गत ग्राम पंचायत गड़िया में 1.41 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक ”उत्सव भवन” का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इसमें एक विशाल हॉल, कमरों और अन्य आधुनिक सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह भवन जल्द ही बनकर तैयार हो जाएगा।

शासन की मंशानुरूप प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सार्वजनिक आयोजनों के लिए उत्सव भवन की सौगात दी गई है। इसके तहत बनने वाले इस भवन में एक बड़ा हॉल, कक्ष, किचन, शौचालय और पार्किंग आदि की सुविधा मिलेगी। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को मांगलिक व सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए किफायती और सुलभ भवन उपलब्ध कराना है, ताकि सहालग के सीजन में लोगों को महंगे गेस्टहाउस बुक न करने पड़ें और वे अपने आसपास ही आसानी से कार्यक्रम आयोजित कर सकें।

स्वीकृति मिलने के साथ ही इसके लिए बजट भी जारी कर दिया गया था। जिला पंचायत राज विभाग ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर अब निर्माण कार्य भी आरंभ करा दिया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इस भवन के बन जाने से ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्र के लोगों को विवाह व अन्य आयोजनों में भारी-भरकम राशि खर्च नहीं करनी पड़ेगी और वे अपने घर के पास ही सुगमता से आयोजन कर सकेंगे।

ग्राम पंचायत गड़िया में उत्सव भवन का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। इस भवन के बनने से ग्रामीणों को सार्वजनिक व मांगलिक कार्यक्रम आयोजित करने में काफी सहूलियत होगी।

— कुंवर सिंह यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *