मऊरानीपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांधीगंज पुलिस चौकी के पीछे कृष्णकुमार सेन के घर में चोरी हो गई। चोरों ने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर और नकदी चुरा ली। यह घटना तब हुई जब वह परिवार के साथ ससुराल गया हुआ था।

कृष्णकुमार सेन सोमवार की दोपहर करीब 11:50 बजे सपरिवार ग्राम उरैना-बिटौरा गए थे। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे जब वे घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था और सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर अलमारी से पत्नी के सोने-चांदी के जेवर ले गए। इनमें करीब 48 ग्राम सोने के आभूषण शामिल थे। साथ ही लगभग 300 ग्राम चांदी के जेवर भी चोरी हुए। चोर 1.50 लाख रुपये नकद और दुकानदारी के जरूरी कागजात भी ले गए। कृष्णकुमार सेन ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले में अतिरिक्त निरीक्षक इंद्रपाल सरवन ने बताया कि मामला संज्ञान में आ गया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही इस पर कार्रवाई की जाएगी।



Source link

अभी अभी की खबरें