झांसी। करारी यार्ड में मालगाड़ियों से डीजल चोरी करने केआरोप में आरपीएफ ने रविवार को करारी के स्टेशन मास्टर चंद्रशेखर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी स्टेशन मास्टर को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उसको जेल भेज दिया गया।
आरपीएफ को झांसी रेल मंडल के अंतर्गत करारी स्टेशन के यार्ड से कई दिनों से डीजल चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। रविवार को आरपीएफ प्रभारी योगेश राणा के नेतृत्व में टीम ने करारी स्टेशन पर छापा मारकर स्टेशन मास्टर चंद्रशेखर को गिरफ्तार कर लिया । आरपीएफ ने उसके सरकारी आवास की तलाशी ली तो वहां चोरी किया गया डीजल बरामद हुआ।
आरपीएफ अधिकारियों के मुताबिक पूछताछ में आरोपी स्टेशन मास्टर ने डीजल चोरी की बात स्वीकार की है। आरोपी के खिलाफ विभागीय स्तर पर आंतरिक जांच भी शुरू कर दी गई है।
गढ़मऊ और बिजौली में भी सक्रिय है डीजल चोर गिरोह
करारी में सक्रिय डीजल चोर गिरोह का नेटवर्क मंडल रेलवे के बिजौली और गढ़मऊ में भी सक्रिय बताया जा रहा है। इससे पहले पांच जुलाई को कंट्रोल रूम की सूचना पर आरपीएफ ने गढ़मऊ स्टेशन यार्ड में छापा मारकर 350 लीटर डीजल से भरी सात जरीकैन बरामद की थीं। मौके से शैलेंद्र उर्फ झांसिया को गिरफ्तार किया गया था, जबकि उसके साथी धीरज उर्फ धीरू, नीरज, अभिषेक और पिकअप चालक धर्मेंद्र मौके से भाग गए थे। इसके बाद 30 जुलाई को आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए 300 लीटर डीजल बरामद किया था। इस मामले में धर्मेंद्र, दीपक राजपूत, धीरज उर्फ धीरू और नीरज कुशवाहा को गिरफ्तार किया गया था। लगातार हुई इन कार्रवाइयों से मंडल में सक्रिय डीजल चोर गिरोह के नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
डीजल चोरी मामले में करारी के स्टेशन मास्टर चंद्रशेखर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इस खेल में कौन-कौन शामिल है, इसकी जांच की रही है।
– जितेंद्र कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ
