झांसी। सामूहिक दुष्कर्म के बाद छात्रा के सुसाइड मामले ने पुलिस महकमे में खलबली मचा दी। लखनऊ से भी फोन घनघनाने पर आला अफसरों ने गुरसराय में ही डेरा डाल दिया। एसएसपी विकास कुमार देर-रात तक वहां मौजूद रहे। घटना स्थल का जायजा लेने के साथ ही उन्होंने हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ की।

घटना के तुरंत बाद परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने सुशील समेत छह के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली। आरोपियों की धर-पकड़ के लिए तीन अलग-अलग टीम भी लगा दी गई। पुलिस टीम ने दबिश देकर कुछ देर में मुख्य आरोपी सुशील समेत पांच आरोपियों को पकड़ लिया। इनमें तीन आरोपी नाबालिग निकले। यह आरोपी हाईस्कूल से इंटर तक के छात्र हैं। मामले में नामजद आरोपियों की घटना के समय की लोकेशन भी तलाशी गई। जिस स्थान पर दुष्कर्म की बात कही गई, पुलिस ने वहां भी छानबीन की। फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया। परिसर में ताला बंद मिला। उसके केयर टेकर को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने चाभी किसी को देने की बात से इन्कार किया हालांकि गांव के लोगों से पूछताछ करने पर पुलिस को मालूम चला कि मुख्य आरोपी से छात्रा काफी पहले से परिचित थी। डॉक्टरों के पैनल ने छात्रा के शव का पोस्टमार्टम किया हालांकि पोस्टमार्टम से छात्रा के परिजनों के बयान एवं प्राथमिकी की बातों की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

0000

पुजारी के सुसाइड के बाद से फूंक-फूंककर कदम रख रही पुलिस

गुरसराय थाने के भीतर पुजारी के सुसाइड करने के बाद से पुलिस हर कदम फूंक-फूंककर उठा रही है। बता दें, नौ साल की बच्ची से छेड़छाड़ के आरोप में बुजुर्ग पुजारी राजेंद्र प्रसाद (62) के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। 11 अगस्त को राजेंद्र को पुलिस पकड़कर पूछताछ के लिए थाने लेकर आई, यहां राजेंद्र ने टॉयलेट में जाकर फंदा लगाकर जान दे दी। शुरुआती जांच पड़ताल में राजेंद्र के खिलाफ यह मामला साजिश का सामने आया। इस मामले में राजेंद्र के पुत्र की तहरीर पर पुलिस को मामला भी दर्ज किया। इस वजह से पुलिस दुष्कर्म मामले में भी सभी पहलुओं को खंगालने में जुटी है।

0000

इस मामले में नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। फोरेंसिक टीम से साक्ष्य एकत्र करने को कहा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

विकास कुमार

एसएसपी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें