उरई। कलक्ट्रेट में मंगलवार को जिलाधिकारी समीर के औचक निरीक्षण में लापरवाही और अव्यवस्थाएं सामने आने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। राजस्व अभिलेखागार के कक्ष संख्या-4 में अभिलेख फर्श पर पड़े मिले और उनमें चींटियां भी मिलीं। इस पर डीएम ने संबंधित राजस्व रिकॉर्ड कीपर ऊषा निरंजन के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं बिना स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित मिले मुख्य राजस्व अंकिक बृजेश निरंजन को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान संग्रह अनुभाग में वर्षों से लंबित वसूली का मामला भी सामने आया। वर्ष 2022 से 1.81 लाख रुपये की वसूली लंबित मिली, जबकि मैसर्स राम ट्रेडर्स की 83.71 लाख रुपये से अधिक की वसूली वर्ष 2015 से लंबित पाई गई। डीएम ने एडीएम वित्त एवं राजस्व को प्रभावी वसूली कराने के साथ संबंधित अधिकारियों का उत्तरदायित्व निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शीर्ष 10 बड़ी लंबित बकायेदारियों की विभागवार सूची भी मांगी।

डीएम ने राजस्व अभिलेखागार में गंदगी और अभिलेखों की खराब स्थिति पर प्रभारी नजारत एवं अभिलेखागार प्रभारी को सफाई, कीट नियंत्रण और अभिलेखों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। पूर्व निरीक्षण में कमियां दूर न होने पर एडीएम वित्त एवं राजस्व को संबंधित प्रभारी अधिकारी से स्पष्टीकरण लेने को कहा गया। इसके बाद डीएम ने नकल व्यवस्था में पारदर्शिता के लिए आवेदन का निर्धारित प्रारूप, डिजिटल फीडिंग और नकल उपलब्ध कराने की तिथि दर्ज करने के निर्देश दिए। नजारत अनुभाग में वर्ष 2019 से लंबित धनराशि, संपत्ति पंजिका में लंबित प्रविष्टियों और करीब 35 ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व राजीव राज, एडीएम न्यायिक योगेंद्र सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें