चिरगांव। दहेज के लिए महिला को प्रताड़ित करने और मारपीट के मामले में चिरगांव थाना पुलिस ने सास देवंती और ससुर गोपाल कुशवाहा निवासी ग्वालियर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। दोनों पर बहू कामिनी को दहेज में दो लाख रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप है। इस मामले में मृतका की मां की तहरीर पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मृतका की मां लक्ष्मी देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री कामिनी को उसके ससुराल वाले दहेज में दो लाख रुपये की मांग को लेकर परेशान करते थे। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर कामिनी ने 24 मई 2026 को अपने मायके चिरगांव में ही विषाक्त पदार्थ खा लिया।
हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। उपचार के दौरान 27 मई 2026 को कामिनी की मौत हो गई। इसके बाद मां लक्ष्मी देवी ने चिरगांव थाने में तहरीर देकर कामिनी की सास देवंती, ससुर गोपाल कुशवाहा और पति दीपक निवासी ग्वालियर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए सास देवंती और ससुर गोपाल कुशवाहा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
