अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। सीपरी बाजार के आईटीआई के पास पीताम्बरा कॉलोनी निवासी युवक ने पत्नी से परेशान होकर तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी। पुलिस का कहना है कि विवाद के बाद से पति-पत्नी अलग रह रहे थे। पति की मौत की सूचना मिलने के बाद भी पत्नी अस्पताल नहीं आई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

पीताम्बरा कॉलोनी निवासी जितेंद्र अहिरवार (32) पुत्र रामस्वरूप ने शहर निवासी प्रीति से 2012 में शादी की थी। दोनों के एक बेटा हर्ष (8) और बेटी नीलम (6) है। परिजनों के मुताबिक पिछले करीब तीन साल से पति-पत्नी में विवाद चल रहा था। प्रीति दो साल से अपने दोनों बच्चों को लेकर मायके में रहती थी। जितेंद्र कई दफा उसे लेने मायके गया लेकिन, प्रीति लौटकर नहीं आई। प्रीति घर को अपने नाम करने के साथ 20 लाख रुपए जमा कराने को कह रही थी। इस बात से जितेंद्र काफी परेशान रहता था। शनिवार को भी पत्नी से बात करने के बाद परेशान था। रात को खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। माता-पिता नीचे के कमरे में सो गए। इसी दौरान वह तीसरी मंजिल पर पहुंचा और नीचे छलांग लगा दी। नीचे गिरने की आवाज आने पर जब लोग बाहर पहुंचे तब वहां जितेंद्र लहूलुहान हाल में पड़ा था। सूचना मिलने पर सीपरी बाजार पुलिस भी पहुंच गई। इंस्पेक्टर संजय शुक्ल के मुताबिक शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अभी तक किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं मिली है।

इनसेट

पुलिस के पास पहुंच चुका विवाद

पति-पत्नी का विवाद एक साल पहले पुलिस के पास पहुंच चुका। जितेंद्र के परिजनों का कहना है कि प्रीति ने करीब एक साल पहले जितेंद्र समेत ससुर रामस्वरूप के खिलाफ तहरीर दी थी। इसके बाद पुलिस पिता रामस्वरूप को पकड़ ले गई थी। इसको लेकर भी दोनों पक्षों के बीच काफी विवाद हुआ था। जितेंद्र की मौत की सूचना मिलने के बाद भी प्रीति समेत उसकी ससुराल से भी कोई अस्पताल नहीं पहुंचा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *