दतिया। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को श्री पीतांबरा पीठ मंदिर परिसर में टेकनपुर से पहुंचे बीएसएफ जवानों के बैंड ने भक्ति और राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। बैंड की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कभी धार्मिक गीतों की धुन सुनाई दी तो कभी देशभक्ति के तरानों ने वातावरण में जोश भर दिया।

बीएसएफ जवानों ने बैंड के जरिए आध्यात्मिकता और राष्ट्रप्रेम का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। उन्होंने ‘देवा ओ देवा गणपति देवा, तुमसे बढ़कर कौन…’ जैसे भक्ति गीत की धुन बजाई तो ‘जो शहीद हुए हैं उनकी जरा याद करो कुर्बानी…’ जैसे देशभक्ति के गीत की धुन से श्रद्धालुओं में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाई।

बैंड की सुरीली और जोश से भरी धुनें सुनते ही दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु वहीं ठहर गए। श्रद्धालुओं ने इस खास पल को मोबाइल कैमरों में कैद किया। कई लोगों ने प्रस्तुति के वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किए।


झांसी स्टेशन पर 13 अगस्त को बजेगा आरपीएफ का बैंड

संवाद न्यूज एजेंसी

झांसी। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 13 अगस्त को झांसी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ का विशेष बैंड शो आयोजित किया जाएगा। प्रयागराज और आगरा के बाद अब झांसी में होने वाले इस आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

आरपीएफ स्टेशन पोस्ट प्रभारी योगेंद्र राणा ने बताया कि करीब 14-15 जवानों की बैंड टोली स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में प्रस्तुति देगी। बैंड के कलाकार विभिन्न वाद्ययंत्रों के जरिए देशभक्ति की धुनें बजाएंगे। इससे स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों और लोगों को स्वतंत्रता दिवस के उत्सव से जोड़ा जाएगा। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा रही है। बैंड शो के दौरान देशभक्ति गीतों की धुनों से रेलवे स्टेशन का माहौल भी राष्ट्रप्रेम से सराबोर होगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें