झांसी। बेटी के हाथ पीले करने का सपना था। कर्ज लेकर उसका फलदान भी कर दिया, लेकिन शादी के बाकी खर्चों का इंतजाम कैसे होगा, यह चिंता सताने लगी। आर्थिक तंगी और कर्ज के बोझ से परेशान चिरगांव थाना क्षेत्र के मोड़खुर्द गांव निवासी वीर सिंह राजपूत (40) ने बेटी की सगाई के अगले ही दिन फंदा लगाकर जान दे दी। रविवार शाम वह खेत पर पानी लगाने की बात कहकर घर से निकले थे।

वीर सिंह गांव में रहकर खेती-किसानी करते थे। करीब 11 साल पहले पहली पत्नी की मौत के बाद उसने दूसरी शादी कर ली थी। परिवार में पत्नी के अलावा बेटी शिवानी (19) और बेटा मयंक (17) हैं। परिजनों के मुताबिक, शिवानी की शादी पारीछा गांव में तय हुई थी। शनिवार को परिवार के लोग वहां जाकर फलदान की रस्म पूरी करके लौटे थे। 5 मई 2027 को शादी की तारीख तय हुई थी।

वीर सिंह के भाई हरिराम ने बताया कि परिवार की माली हालत ठीक नहीं थी। उस पर करीब दो लाख रुपये का कर्ज था। बेटी की शादी तय होने की खुशी में उसने उधार लेकर फलदान की रस्म पूरी की थी। लेकिन शादी के बाकी खर्चों के लिए पैसों का इंतजाम नहीं हो पा रहा था। इसको लेकर वह काफी परेशान रहता था। परिवार में भी इसे लेकर कहासुनी हुई थी।

रविवार शाम वीर सिंह खेत पर पानी लगाने की बात कहकर घर से निकला था। काफी देर तक नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। तलाश करते हुए वे खेत पहुंचे तो वह पेड़ पर रस्सी के सहारे लटका मिला। परिजन उसे तत्काल नीचे उतारकर मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पिता की मौत से बेटी शिवानी और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।

चिरगांव थाना प्रभारी बलिराज शाही ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग के कारण माैत की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।



Source link