– पीड़िता ने पुलिस से लगाई कार्रवाई की गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। ग्राम बसरिया निवासी महिला मीना ने मऊरानीपुर थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया, जिसके जरिये बताया कि बंका पहाड़ी थाना गुरसराय निवासी कुछ लोगों ने शादी का रिश्ता तय कर उपहार स्वरूप लिए गए दो लाख रुपये हड़प लिए। पीड़िता ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई।
पत्र में पीड़िता ने बताया कि 31 दिसंबर 2023 को उसके पुत्र रवि का रिश्ता गुरसराय थाना क्षेत्र निवासी एक युवती के साथ गवाहों की मौजूदगी में तीन लाख रुपये में तय हुआ था। इसके बाद उन्होंने दो लाख रुपये नकद उपहार के रूप में दे दिए थे। बाकी एक लाख रुपये शादी के समय देना तय हुआ था। हाल ही में 10 अगस्त को पीड़िता को पता चला कि आरोपियों ने अपनी बेटी का रिश्ता कहीं और पक्का कर दिया है। उनसे जब दिए हुए दो लाख रुपये वापस मांगे तो वह हीलाहवाली करने लगे। पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र के जरिये कार्रवाई की मांग की गई है।
