झांसी। होटल ऋषभ में कमरे से चेक आउट करने के दौरान अचानक गिरकर मृत हुई मुस्कान (27) के शव का सोमवार को पोस्टमार्टम कराया गया। इसमें उसके शरीर में चोट के निशान नहीं मिले। अचानक सिर के बल गिरने से वहां घाव मिला। आशंका जताई जा रही कि हार्ट अटैक की वजह से उसकी मौत हुई हालांकि जांच के लिए उसका विसरा एवं हार्ट सुरक्षित रखा गया है। इसे फोरेंसिक विभाग को भेजा जाएगा।
थाना प्रेमनगर के नैनागढ़ निवासी मुस्कान की चार माह पहले विदिशा निवासी नीलेश से शादी हुई थी। नीलेश बैंक मैनेजर है। शनिवार से दंपती होटल में रह रहा था। रविवार शाम को चेक आउट के दौरान अचानक से मुस्कान अचेत होकर कमरे से बाहर की ओर जमीन पर गिर गई। होटल कर्मियों की मदद से नीलेश उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचा, यहां उसकी मौत हो गई। सीपरी बाजार थाना प्रभारी जेपी चौबे के मुताबिक हार्ट अटैक से मौत होने की पुष्टि हुई है हालांकि जांच के लिए विसरा भी सुरक्षित रखा गया है।