झांसी। उत्तर प्रदेश विधान परिषद इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के दौरान बृहस्पतिवार को सपा एमएलसी सह प्रत्याशी मान सिंह यादव की पत्नी प्रभाव यादव ने नाम वापसी के लिए प्रत्यावेदन दे दिया। शुक्रवार को नाम वापसी का अंतिम दिन है। ऐसे में कितने प्रत्याशी मैदान में रहेंगे, यह तस्वीर साफ हो जाएगी।
स्नातक एमएलसी चुनाव कार्यक्रम के तहत बुधवार को नाम निर्देशनों की जांच की अंतिम तिथि थी। चूंकि, जांच के बाद चार प्रत्याशियों के नामांकन निरस्त करने के बाद अब सपा, भाजपा प्रत्याशी समेत 15 लोग चुनावी मैदान में हैं। इसमें सपा प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव के साथ ही उनकी पत्नी प्रभा यादव भी हैं। जांच के बाद दोनों के ही नामांकन पत्र सही मिले हैं। ऐसे में बृहस्पतिवार को सपा प्रत्याशी की पत्नी ने मंडलायुक्त के न्यायालय कक्ष पहुंचकर नाम वापसी के लिए आवेदन कर दिया। इसकी पुष्टि खुद सपा प्रत्याशी ने की है। वहीं, नाम वापसी की अंतिम तिथि नौ अक्तूबर है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्तूबर को सुबह आठ से शाम चार बजे तक मतदान होना है। फिर 27 अक्तूबर को मतगणना होगी।
