झांसी। रक्सा थाना क्षेत्र के राजापुर गांव में शुक्रवार दोपहर खेत पर मूंगफली की फसल उखाड़ने से पहले सिंचाई के लिए तार बिछाते समय बड़ा हादसा हो गया। इसमें बड़े भाई की मौत हो गई, जबकि छोटा झुलस गया।
जानकारी के अनुसार, बिछाते समय तार 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से टकरा गया था, जिससे से उसमें करंट उतर आया था। इसकी चपेट में आकर दीपक परिहार (25) आग की लपटों में घिर गया। बड़े भाई को बचाने दौड़े आकाश (21) का दाहिना हाथ भी झुलस गया। अस्पताल ले जाने से पहले ही दीपक ने दम तोड़ दिया, जबकि आकाश को मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। दीपक की मौत से परिवार में रोना-पिटना मचा है।
धमाके के साथ कपड़ों में लगी आग
राजापुर गांव निवासी मुरारी परिहार गांव में चौकीदार हैं। उनके दो बेटे दीपक और आकाश खेती-किसानी में पिता का हाथ बंटाते थे। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे दोनों भाई खेत में सिंचाई के लिए तार बिछा रहे थे। तार ऊपर फेंकते समय दीपक 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज धमाके के साथ उसके कपड़ों में आग लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
प्लास से हटाया तार, फिर भी झुलसा आकाश
बड़े भाई को आग में घिरा देख आकाश उसे बचाने के लिए दौड़ा। प्लास से तार पकड़कर उसे हटाने की कोशिश करने पर वह भी करंट की चपेट में आकर झुलस गया। हादसा देख आसपास मौजूद लोग उनको बचाने के लिए दौड़े। किसी तरह तार हटाकर उनको बाहर निकाला गया। परिवार के लोग भी पहुंच गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया, जबकि आकाश को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर लिया गया। थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह के मुताबिक करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हुई। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
छह माह की बेटी के सिर से उठा पिता का साया
दीपक की मौत की खबर पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। उसकी दो साल पहले ही शादी हुई थी। परिवार में पत्नी कविता समेत छह माह की बेटी है, जबकि आकाश की शादी नहीं हुई है। दीपक की मौत की खबर से पत्नी कविता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
