झांसी। हंसारी रेलवे क्रॉसिंग पर रोजाना लगने वाले जाम से महानगरवासियों को आने वाले समय में राहत मिलने की उम्मीद है। क्रॉसिंग पर रेल ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण के लिए रेलवे ने टेंडर जारी कर दिया है। डिजाइन का काम पूरा होने और स्वीकृति मिलते ही निर्माण शुरू कराया जाएगा। करीब 114.24 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आरओबी को करीब दो साल में पूरा करने की उम्मीद है।

झांसी-ललितपुर मार्ग पर स्थित हंसारी रेलवे क्रॉसिंग से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। झांसी-बांदा रेल मार्ग पर मालगाड़ियों, मेमू और एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन के कारण क्रॉसिंग बार-बार बंद होती है। इससे यहां लंबा जाम लग जाता है। हंसारी, भेल, बिजौली और बबीना क्षेत्र में तेजी से बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के कारण समस्या लगातार गंभीर होती गई है।

इससे निजात दिलाने के लिए रेलवे ने आरओबी निर्माण की पहल की है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, करीब 1.20 किलोमीटर लंबे और 15 मीटर चौड़े आरओबी को फोरलेन यातायात के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।

आरओबी निर्माण में आर्मी क्षेत्र की भूमि को लेकर शुरुआती अड़चनें थीं। रेलवे और संबंधित विभागों के बीच बातचीत के बाद इन्हें दूर कर लिया गया है। स्थानीय सांसद अनुराग शर्मा के प्रयासों से भी प्रक्रिया आगे बढ़ी। संपर्क मार्ग के लिए भी सर्वे और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं।

हंसारी रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण का टेंडर जुलाई में जारी हो चुका है। परियोजना की अनुमानित लागत करीब 114.24 करोड़ रुपये है। डिजाइन का काम पूरा होने और अधिकारियों की स्वीकृति मिलते ही निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। आरओबी को डेढ़ से दो साल में पूरा करने की संभावना है। – मनोज कुमार सिंह, पीआरओ, झांसी रेल मंडल



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *