यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन में ग्रीनपार्क में होने वाले 12 मुकाबलों के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। यूपी क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने आयोजन के लिए खेल विभाग को 30 लाख रुपये जमा करा दिए हैं। वहीं मुकाबलों के टिकट अगले दो-तीन दिनों में बिक्री के लिए जारी हो जाएंगे। टिकटों की कीमत 100 से 500 रुपये के बीच रहेगी।
यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बुधवार को ग्रीनपार्क स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि 12 मैचों के लिए प्रति मैच 2.50 लाख रुपये के हिसाब से कुल 30 लाख रुपये खेल विभाग को दिए जा चुके हैं। ग्रीनपार्क में पहला मुकाबला 28 अगस्त को काशी रुद्रास और नोएडा सुपर किंग्स के बीच होगा, जबकि छह सितंबर को फाइनल खेला जाएगा।
मैच से पहले यूपी टी-20 लीग की ट्रॉफी को शहर के स्कूलों और अन्य जगहों पर ले जाया जाएगा। सभी टीमों के खिलाड़ी और सदस्य भी मौजूद रहेंगे। टिकट डिस्ट्रिक एप के साथ-साथ विभिन्न आउटलेट से बांटे जाएंगे। आउटलेट की सूची जल्द घोषित की जाएगी। 28 अगस्त को होने वाले उद्घाटन मुकाबले के दौरान ग्रीनपार्क में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। छह सितंबर को होने वाले फाइनल मुकाबले में भी रंगारंग कार्यक्रम होंगे।
