झांसी। प्रेमनगर थाना क्षेत्र की बिजौली चौकी अंतर्गत सात बिजली के खंभों के बीच से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का करीब 350 मीटर तार चोर काटकर ले गए। रात में तार चोरी होने से बल्लमपुर फीडर से जुड़े पांच गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
बैदौरा स्थित 33 केवी बिजलीघर से निकले बल्लमपुर फीडर से बल्लमपुर, दुर्गापुर, नयागांव, पठारी समेत कई गांव जुड़े हैं। रात में बिजली आपूर्ति ठप पड़ गई। सुबह जांच कराने पर सात खंभों के बीच तार गायब मिले। मालूम चला कि चोरों ने सुनसान इलाके का फायदा उठाते हुए पहले लाइन ट्रिप की, उसके बाद तार काट ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर जा पहुंची। अवर अभियंता चंद्रशेखर ने पुलिस को सूचना दी। प्रेमनगर थाना प्रभारी शेर सिंह के मुताबिक चोरों की तलाश की जा रही है।
