– परिवार में मचा कोहराम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
संवाद न्यूज एजेंसी
टोड़ी फतेहपुर। थाना टोड़ी फतेहपुर क्षेत्र में नाले के तेज बहाव में बहे ग्रामीण का शव 14 घंटे बाद बृहस्पतिवार की सुबह बरामद हुआ। ग्रामीण जलमग्न रपटे को पार करते समय हादसे का शिकार हो गया था। उसकी मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।
ग्राम मदरवास निवासी परमलाल नापित ने टोड़ी फतेहपुर थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया, जिसके जरिये बताया कि उनका पुत्र राकेश नापित (45) बुधवार शाम करीब चार बजे अपने खेत से घर लौट रहा था। रास्ते में पड़ने वाले झांसी नाले पर बनी पुलिया पार करते समय वह तेज पानी के बहाव की चपेट में आकर बह गया। परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने गोशाला की सुरक्षा के लिए लगी लोहे की जाली के पास झाड़ियों में राकेश का शव फंसा देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम प्रधान प्रागीलाल ने बताया कि युवक के नाले में बहने की सूचना तत्काल हल्का लेखपाल को फोन से दी गई थी। इसके करीब छह घंटे बाद उपजिलाधिकारी मऊरानीपुर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय पर प्रशासनिक मदद और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हो जाते तो शायद युवक को बचाया जा सकता था। वहीं, थानाध्यक्ष पवन जयसवाल के नेतृत्व में पुलिस खोजबीन में जुटी रही, लेकिन गोताखोर उपलब्ध नहीं होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
बता दें कि घटना के बाद से मृतक की पत्नी कमलेशी, पुत्री रीना व शीतल तथा पुत्र पीयूष का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि राकेश ही परिवार का एकमात्र कमाने वाला था। एक पुत्री की शादी भी तय होने की स्थिति में है। परिवार के सामने अब गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
