कन्नौज। चोरों ने बंद मकान की जीने की दीवार काटकर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और घरेलू सामान पार कर दिया। घटना के 25 दिन बाद भी पुलिस प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। तहरीर लेने के बावजूद कार्रवाई न होने से पीड़िता अब पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के कार्यालय पहुंची और न्याय की गुहार लगाई।
जलालाबाद निवासी रेखा मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह 24 अक्तूबर को अपने बेटे के पास कानपुर गई थीं। दो नवंबर को घर लौटीं तो मुख्य दरवाजे के ताले पर चोट के निशान मिले। अंदर पहुंचने पर जीने की दीवार कटी मिली और बेड का बॉक्स टूटा पड़ा था। कमरों में सामान बिखरा हुआ था। चोर सोने का हार सेट, दो अंगूठियां, एक तोले की चेन, 250 ग्राम चांदी की कमरपेटी, 200 ग्राम की पायल और दस हजार रुपये नकद ले गए थे। दो गैस सिलिंडर भी गायब थे।
पीड़ित महिला ने बताया कि जसोदा चौकी में तैनात दरोगा को तहरीर भी दी गई, लेकिन 25 दिन गुजरने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। कार्रवाई के इंतजार में पीड़िता भयभीत है और रात में अपने मकान के बजाय पड़ोस के घर में रहने को मजबूर है। उसने एसपी से रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गया सामान बरामद कराने की मांग की है। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि गुरसहायगंज कोतवाल ध्यानेंद्र प्रताप सिंह को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
