कामाख्या एक्सप्रेस के एसी थर्ड कोच के यात्री रविवार को छह घंटे तपती पट्ठी में कानपुर सेंट्रल स्टेशन तक पहुंचे। ट्रेन के इस कोच का एसी आगरा से चलते ही फेल हो गया था। टूंडला स्टेशन पर यात्रियों ने हंगामा भी किया लेकिन कोच न होने से ट्रेन चलवा दी गई और बिना एसी के यात्री कानपुर तक आए। यहां दूसरा कोच लगाया गया जिससे ट्रेन एक घंटे देरी से रवाना हो सकी।
रेलवे रिकॉर्ड के मुताबिक, गांधीधाम से कामाख्या जा रहीं 15667 कामाख्या एक्सप्रेस के बी-3 कोच के एसी ने दोपहर करीब एक बजे काम करना बंद कर दिया। आगरा के पास ईदगाह स्टेशन पर यात्रियों ने हंगामा किया लेकिन समस्या हल नहीं हुई और ट्रेन चला दी गई। टूंडला स्टेशन पर यात्रियों ने ट्रेन के रुकते ही नीचे उतर कर फिर हंगामा किया। वहां भी ट्रेन पौन घंटे खड़ी रही। इसके बाद कोच न होने पर ट्रेन ऐसे ही रवाना कर दी गई। कानपुर सेंट्रल पर ट्रेन शाम 07:10 बजे प्लेटफार्म नंबर आठ पर आई। रेलवे स्टाफ ने सभी यात्रियों को उतार कर बेंच पर बैठाया। इसके बाद शंटिंग करा दूसरा कोच लगाया गया। इस कोच में 72 यात्री सफर कर रहे थे। दूसरा कोच लगने के बाद यात्रियों को रात आठ बजे बैठाया गया और 08:10 बजे ट्रेन कानपुर सेंट्रल से रवाना हो सकी। एसी फेल होने के मामले में रेलवे ने जांच के आदेश दिए हैं।
