सावन के पहले सोमवार पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए किया गया डायवर्जन राहगीरों के लिए मुसीबत बन गया। डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी न होने से लोग परेशान हो गए। ट्रैफिक पुलिसकर्मी उन्हें मुख्य मार्ग से जाने से रोककर वैकल्पिक मार्ग से भेजते रहे। ऐसे में रामादेवी-भौंती मार्ग पर करीब 15 किमी लंबा जाम देखने को मिला।
एक अगस्त से 24 अगस्त तक अलग-अलग चरणों में डायवर्जन लागू किया गया है। इसमें हर शनिवार रात आठ बजे से सोमवार रात 12 बजे तक डायवर्जन किया गया है। इसमें शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। इस दौरान बाहरी जनपदों से आने वाले ट्रक और अन्य भारी वाहन निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से होकर अपने गंतव्य को भेजे जा रहे हैं। ऐसे में रविवार को पहले दिन डायवर्जन की जानकारी न होने से वाहन चालक रोजाना वाले मार्गों की ओर ही बढ़ गए। रामादेवी, नौबस्ता, अरौल, परियर पुल के डायवर्जन पाॅइंट पर मौजूद पुलिस और ट्रैफिक सिपाहियों ने वाहनों को रोककर मुड़वाना शुरु किया।