उरई। घर के पास ही परिवार दूसरे मकान में सोता रहा और चोर 20 लाख के जेवरात समेटकर निकल गए। रात में चोरों ने किसान के बंद मकान को निशाना बनाया और कुंडी काटकर अंदर घुस गए। पीड़ित ने गांव के ही एक युवक पर शक जताते हुए पहले धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
रेढ़र थाना क्षेत्र के कुर्रा गांव निवासी किसान मनु कुशवाहा का परिवार शनिवार रात पक्के मकान में ताला लगाकर बगल के दूसरे मकान में सोने चला गया था। इसी दौरान चोरों ने बंद मकान को निशाना बना लिया। चोर मुख्य दरवाजे की कुंडी काटकर अंदर घुसे और कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़ दिया। अलमारी में रखे 15 तोला सोने के जेवरात, करीब 200 ग्राम चांदी और 15 हजार रुपये समेटकर भाग गए। पीड़ित के मुताबिक, चोरी गए सोने के जेवरात की कीमत करीब 20 लाख रुपये और चांदी की कीमत लगभग 50 हजार रुपये है।
रविवार सुबह मनु कुशवाहा मकान पर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी मिली। अंदर जाकर देखा तो कमरे में सामान बिखरा था और अलमारी खुली पड़ी थी। चोरी की जानकारी होते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। पीड़ित ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और परिजनों से जानकारी ली।
पीड़ित ने घर के सामने रहने वाले एक युवक पर चोरी में शामिल होने का संदेह जताया है। उनका आरोप है कि युवक पहले भी उन्हें धमकी दे चुका है। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, चोरी में उसकी भूमिका की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
थाना प्रभारी अभिनेंद्र सिंह ने बताया कि चोरी की घटना की जांच की जा रही है। साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस गश्त पर सवाल
गांव में घर के पास ही परिवार के दूसरे मकान में सोने के बावजूद चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया। चोरों ने मुख्य दरवाजे की कुंडी काटी और कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर इत्मीनान से सामान समेट लिया। ऐसे में रात के समय पुलिस की गश्त और निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
