दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर मंगलवार सुबह सूबेदारगंज-वलसाड़ अप स्पेशल ट्रेन के एक कोच के पहिए से धुआं उठने पर रेलवे ने सतर्कता बरतते हुए ट्रेन को भरथना रेलवे स्टेशन पर रोक दिया। तकनीकी जांच में ब्रेक शू चिपका हुआ मिलने पर करीब डेढ़ घंटे तक मरम्मत कार्य चला, जिसके बाद ट्रेन को सुरक्षित रवाना किया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कानपुर की ओर से आ रही स्पेशल ट्रेन के एस-7 कोच के पहिए से धुआं निकलने की सूचना कंट्रोल को मिली। इसके बाद सुबह 10:26 बजे ट्रेन को भरथना स्टेशन पर रोका गया। मौके पर पहुंची तकनीकी टीम ने जांच में पाया कि ब्रेक शू चिपक जाने के कारण पहिए में अत्यधिक घर्षण हो रहा था, जिससे धुआं उठ रहा था।
