कानपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन लोगों ने पारिवारिक कलह और बीमारी से परेशान होकर जान दे दी। चकेरी थानाक्षेत्र के सैनिकनगर निवासी टाइल्स ठेकेदार संतोष कुमार (32) ने शुक्रवार रात फंदा लगाकर जान दे दी। वह मूलरूप से फतेहपुर के खागा के रहने वाले थे। परिवार में पत्नी कमलेश और बेटी अंशिका है। पिता प्रेम प्रसाद का आरोप है कि पत्नी से रात में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था इसके बाद उसने कमरे में जान दे दी।
इसी तरह, मूलगंज थानाक्षेत्र के नया चौक परेड निवासी आरओ प्लांट संचालक दीपक साहू की पत्नी दिशा साहू (45) ने शुक्रवार देर रात कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन ने बताया कि दिशा को कई गंभीर बीमारियां थीं। वहीं, गोविंदनगर थानाक्षेत्र के गुजैनी निवासी सनी (34) ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के पीछे का कारण परिजन नहीं बता सके। पुलिस ने तीनों शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिए हैं।
