कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने रविवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोला। लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर राजभर ने जेपीएनआईसी के निर्माण पर खर्च हुए 865 करोड़ रुपये को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने अखिलेश से पूछा कि इतनी रकम खर्च होने के बाद भी परियोजना अधूरी क्यों छोड़ दी गई और इसमें से उनकी जेब में कितना पैसा गया?

सोशल मीडिया पर पोस्ट कर राजभर ने जेपीएनआईसी की संचालन समिति में अखिलेश यादव के साथ डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव और सैफई परिवार के सदस्यों को शामिल किए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि जनता के पैसे से बनी इमारत के संचालन में परिवार को क्यों शामिल किया गया था। वहां प्रस्तावित होटल, क्लब और जिम से होने वाली कमाई किसकी जेब में जानी थी? राजभर ने अखिलेश से इन सवालों का जवाब देने को कहा।

अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती

राजभर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि योगी ने उनकी चुनौती स्वीकार कर ली है, इसलिए अखिलेश को अब पीछे नहीं हटना चाहिए। राजभर ने उन्हें अयोध्या से नामांकन भरने और चुनाव लड़ने की चुनौती दी। तंज कसते हुए कहा कि अयोध्या से चुनाव लड़ने पर अखिलेश को इटावा और मैनपुरी से बाहर अपनी राजनीतिक स्थिति का पता चल जाएगा। राजभर ने अपने बयान में अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें चुनौती से पीछे नहीं हटना चाहिए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *