सिपाही पति की तलाश में महिला बुधवार को पिता के साथ पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची। बताया कि उसका पति बीते दो साल से लापता है। वह कानपुर के बिधनू थाने में तैनात था। पुलिस से सुनवाई न होने पर महिला ने ऑनलाइन शिकायत की थी। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि सिपाही निलंबित चल रहा है। वह वर्तमान में कहां है पता कराया जा रहा है।
मथुरा के जमुनापार थाना क्षेत्र निवासी आरती बुधवार को अपने पिता साहब सिंह को लेकर पुलिस कमिश्नर के पास पहुंची। बताया कि 2019 में उनकी शादी मथुरा के ही सिपाही विकास से हुई थी। वह पति के साथ कानपुर में परमट में रहती थीं। जनवरी 2024 में पति की तैनाती बिधनू थाने में थी तभी वह अचानक लापता हो गए थे। तब से उनका कुछ पता नहीं चल रहा है। आरती के मुताबिक विकास शराब का लती था और अक्सर मारपीट करता था।
इसी वजह से उसके खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा भी दर्ज कराना पड़ा था। पिता साहब सिंह के मुताबिक उन्होंने मथुरा और बिधनू दोनों जगहों पर दामाद के तलाश के लिए गुहार लगाई लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि सिपाही नवंबर 2025 से सस्पेंड चल रहा है। वह कहां से सस्पेंड हुआ था और अब कहां है, इसका पता किया जा रहा है।
