जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर में अब जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाना भी महंगा हो गया है। अभी तक एक साल बाद जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने पर रजिस्ट्रेशन शुल्क 10 रुपये लिया जाता था लेकिन अब सौ रुपये यानी 10 गुणा फीस देनी होगी। इसके अलावा अनुमित प्रमाण पत्र (एनओसी) के लिए पांच रुपये लगते थे, जो अब 20 रुपये देने होंगे।

फीस जमा करने के लिए आवेदक चालान भरकर मालरोड स्थित स्टेट बैंक में जमा कर सकता है या क्यूआर कोड लेकर आनलाइन जमा कर सकता है। वहीं जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र 21 दिन के अंदर बनवाने पर रजिस्ट्रेशन निश्शुल्क है, जबकि 21 दिन से एक साल के अंदर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए फीस पांच रुपये देनी होगी।

जन्म प्रमाण पत्र बनवाने वालों की कतार

जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने में धीमे सर्वर के कारण पहले ही आवेदक परेशान हैं। अब स्कूल के अलावा आधार कार्ड और पासपोर्ट बनवाने में भी जन्म प्रमाण पत्र देना पड़ता है। इसके चलते नगर निगम में जन्म प्रमाण पत्र बनवाने वालों की लाइन लग रही है।

हर रोज तीन सौ से ज्यादा बनते जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र

नगर निगम के सभी छह जोनों में रोजाना तीन सौ से ज्यादा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनते हैं। वहीं एक साल बाद जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाना भी 10 गुणा महंगा हो गया है। इसे लेकर लोगों में नाराजगी है। विकास तिवारी ने बताया कि चार माह पहले प्रमाण पत्र बनाने के लिए दिया था लेकिन अभी तक नहीं बना है।

कर्मचारी मिलते नहीं, अब फीस बढ़ा दी

राकेश चंद्र ने बताया कि जब भी कार्यालय जाओ तो कर्मचारी मिलते नहीं हैं। अब फीस भी बढ़ा दी है। अभिषेक ने बताया कि पहले बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र बनवाया था तो 10 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस लगी थी अब 100 रुपये ली जा रही है। एनओसी के लिए पांच रुपये की जगह 20 रुपये देने पड़े। प्रमाण पत्र की द्वितीय प्रति देने में पहले 20 रुपये लगते थे, अब 50 रुपये लिए जाते हैं।

चार हजार आवेदन लटके

कागजी कार्यवाही में चार हजार से ज्यादा आवेदन लटके हैं। नगर निगम के जोनल चार के प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि रजिस्ट्रेशन और एनओसी की फीस शासन ने बढ़ाई है, उसके आधार पर शुल्क लिया जा रहा है। इसको सीधे बैंक में आवेदक जमा कर सकता है। अगर इससे ज्यादा फीस ली जा रही है तो आवेदक उनने शिकायत कर सकते हैं।



Source link

अभी अभी की खबरें