सहालग के सीजन में शादी-समारोहों की दावतें लोगों की सेहत बिगाड़ रही हैं। लगातार गरिष्ठ, तली-भुनी और मसालेदार भोजन करने से पेट संबंधी बीमारियों के मरीज बढ़ गए हैं। पेट दर्द, गैस, एसिडिटी और उल्टी-दस्त की शिकायतें लेकर लोग अस्पतालों में पहुंच रहे हैं।
निजी अस्पतालों के साथ प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी ऐसे मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। भैला मकदूमपुर निवासी राधाकृष्ण मिश्र ने बताया कि उन्हें रोज दो से चार निमंत्रण मिल रहे हैं। लगातार दावत में भोजन करने से उन्हें गैस और पेट दर्द की समस्या हो गई है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक सुएब अंसारी के मुताबिक, दावत में लोग एक साथ कई तरह के गरिष्ठ व्यंजन खा लेते हैं। अधिक तेल, घी और मसाले के साथ देर रात भोजन करना पाचन तंत्र पर बुरा असर डालता है। चिकित्सक ने यह भी बताया कि खुले में रखे खाद्य पदार्थ और दूषित पानी भी पेट में संक्रमण का कारण बन सकते हैं।
सेहतमंद रहने के लिए जरूरी सुझाव
चिकित्सक सुएब अंसारी ने लोगों को ताजा और स्वच्छ भोजन करने तथा जरूरत से ज्यादा खाने से बचने की सलाह दी है। दावतों में एक साथ कई तरह के पकवान खाने से बचें। सलाद, हरी सब्जियां और सुपाच्य भोजन को प्राथमिकता दें। स्वच्छ पानी पीएं और खाने से पहले हाथ धोएं। उल्टी-दस्त होने पर ओआरएस का घोल लें और परेशानी बने रहने पर चिकित्सक से परामर्श लें।
