पलियाकलां। पलिया-निघासन रोड पर इटैया चौराहे के पास शनिवार रात गन्ने के खेत से निकले बाघ ने घर के बाहर घारी (पशुशाला) में बंधे बैल पर हमला कर दिया।

बैल की चीख सुनकर बाहर निकले परिजनों ने शोर मचाते हुए लाठी-डंडों से बाघ को खदेड़ दिया। हमले में बैल की मौत हो गई। घटना के बाद दहशत में ग्रामीणों ने पूरी रात जागकर बिताई।

ग्राम पंचायत मरुवा पश्चिम निवासी बाबूराम पुत्र चंद्रभाल का बैल घर के बाहर घारी में बंधा था। उन्होंने बताया कि रात करीब 11:30 बजे बाघ ने उस पर हमला कर दिया। परिजन बाहर पहुंचे तो बाघ बैल को मारकर घारी से खींचने की कोशिश कर रहा था। शोर मचाने पर वह पास के गन्ने के खेत में भाग गया। पीड़ित परिवार ने घटना की सूचना मझगईं रेंज के वन क्षेत्राधिकारी अंकित कुमार सिंह को दी। उन्होंने वन विभाग की टीम को मौके पर भेजकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया। रेंजर ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।

———

खेत से निकला तेंदुआ, साथ दिखा शावक

फरधान। वन रेंज शारदानगर और फरधान थाना क्षेत्र के करीब छह गांवों में दो माह से तेंदुए की दहशत बनी हुई है। शनिवार शाम मन्योरा गांव में रामलीला मेला मैदान के पास गन्ने के खेत से तेंदुआ अपने शावक के साथ निकलकर आबादी की ओर बढ़ता दिखाई दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर दोनों वापस गन्ने के खेत में छिप गए।

ग्रामीण राजेश वर्मा और छोटू वर्मा ने बताया कि शाम ढलते ही तेंदुआ शावक के साथ खेत से बाहर आया था। आसपास जंगल और झाड़ियां होने के कारण उसके पैरों के निशानों की पहचान नहीं हो सकी।

ग्रामीणों का मानना है कि यह वही तेंदुआ है, जिसने मनिकापुर में आवारा पशु को निवाला बनाया था। रुकुंदीपुर में पांच वर्षीय बच्चे को मार डाला था और खजांचीपुरवा में महावत महिला पर झपट्टा मारा था। पुरैना गांव में विमल तिवारी के कुत्ते और खजांचीपुरवा में भी एक कुत्ते को निवाला बनाया था।

ग्रामीणों के अनुसार, खजांचीपुरवा में पैरों के निशान मिलने पर वन विभाग ने पिंजरा भी लगाया था, लेकिन तेंदुआ पकड़ में नहीं आया। पुरैना, खजांचीपुरवा, मन्योरा, पीरपुर और रुकुंदीपुर समेत आसपास के गांवों में लोग दहशत में हैं। डर के कारण किसान समूह बनाकर खेतों में काम करने जा रहे हैं।

वन क्षेत्राधिकारी अरुण मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना पर टीम मौके पर भेजी गई थी, लेकिन पैरों के निशान नहीं मिले। ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।



Source link