नवाबगंज (उन्नाव)। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर सड़क पार कर रही महिला को रविवार देर शाम अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गई। परिजन एम्बुलेंस से उसे सीएचसी लेकर गए जहां उसकी मौत हो गई। मृतका एक्सप्रेसवे की कार्यदाई संस्था पीएनसी में मजदूरी कर घर लौट रही थी।


सोहरामऊ थाना क्षेत्र के बेगमखेड़ा गांव निवासी गंगा देई (55) पत्नी स्व गंगाप्रसाद को लखनऊ कानपुर एक्सप्रेसवे पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका एक्सप्रेसवे की कार्यदाई संस्था पीएनसी में मजदूरी करने जाती थी। रविवार को भी वह मजदूरी करने के लिए गई थी उसके साथ गांव की और भी महिलाएं गई थी लेकिन वो लोग जल्दी घर आ गई थी। ग्रामीणों ने बताया कि मृतका और गांव की एक लड़की को पीएनसी की गाड़ी गांव के सामने लखनऊ से कानपुर जाने वाली लेन पर उतार कर अन्य मजदूरों को छोड़ने के लिए चली गई। महिला घर आने के लिए हाईवे के डिवाइडर को पार कर कानपुर से लखनऊ वाली लेन पार कर रही थी, तभी उसे अज्ञात वाहन टक्कर मारते हुए भाग गया। हादसे में महिला गम्भीर रूप से घायल हो गई। एसओ सोहरामऊ श्रीराम पांडेय ने बताया कि हादसे की जानकारी पर परिजन व ग्रामीण एक्सप्रेसवे पर चढ़ कर गए और एनएचएआई की एम्बुलेंस से उसे लखनऊ के सरोजनीनगर सीएचसी लेकर गए, जहां उसकी मौत हो गई। बताया कि घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी की मदद से टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जाएगा। मृतका का एक बेटा राकेश है। जो पेट्रोल पंप पर काम करता है।



Source link