खीरी टाउन। शहर के बुखारी टोला निवासी युवराज पांडेय ने 16 लाख रुपये में खरीदे गए प्लॉट पर पानी के ओवरहेड टैंक का निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए विधानसभा के सामने आत्मदाह का प्रयास किया। घटना 23 नवंबर को लखनऊ में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर हजरतगंज थाने पहुंचाया और बाद में खीरी पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
युवराज के मुताबिक, उसकी मां रामप्यारी ने 11 अप्रैल, 2016 को सैयदबाड़ा निवासी एक प्रॉपर्टी डीलर से हनिया टोला में प्लॉट खरीदा था। आरोप है कि नगर पंचायत और जल निगम ने उस जमीन पर पानी के ओवरहेड टैंक का निर्माण करा दिया। युवराज का कहना है कि जब निर्माण शुरू हुआ, तब वह धारा 304 के एक मामले में जिला जेल में बंद था। युवराज ने खीरी कोतवाली में शिकायत देकर जमीन की पैमाइश कराने की मांग की। आरोप है कि जिला स्तर पर सुनवाई नहीं होने के कारण उसे विधानसभा के सामने आत्मदाह का प्रयास करना पड़ा।
सीओ महक शर्मा ने बताया कि मामला जमीन के विवाद से जुड़ा है। पुलिस ने राजस्व विभाग को इसकी जानकारी दी है। वहीं, खीरी नगर पंचायत के ईओ विनीत कुमार ने बताया कि टंकी का निर्माण एक साल से चल रहा है। राजस्व विभाग ने इसके लिए जमीन उपलब्ध कराई है।
