{“_id”:”6b073bece67f692de50f0bc4″,”slug”:”crowds-thronged-the-local-markets-people-indulged-in-shopping-raebareli-news-c-101-1-rai1002-172916-2026-11-26″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”Raebareli News: हटिया मेलों में उमड़ी भीड़, लोगों ने की खरीदारी”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

ऊंचाहार क्षेत्र के गोकना घाट पर लगे मेला में झूले का आनंद लेते श्रद्धालु
ऊंचाहार-लालगंज। हटिया मेले में बुधवार को मेलार्थियों की भीड़ उमड़ी। ऊंचाहार में लोग परिवार के साथ गोकना घाट और सोहन सिंह की बाग में मेला देखने पहुंचे। महिलाओं ने शृंगार का सामान खरीदा और बच्चों के साथ झूलों का आनंद लिया। बच्चों ने भी मेले में खूब मस्ती की। लोगों ने चाट, चाऊमीन, बर्गर, जलेबी और पिज्जा समेत विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लिया।
शाम को भाजपा ओबीसी मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष (अवध क्षेत्र) अभिलाष चंद्र कौशल ने मां गंगा की आरती की। इसके साथ ही दो दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा मेले का समापन हो गया। उन्होंने बताया कि गोकना घाट का मेला ऐतिहासिक है। यहां दूर-दराज से लोग गंगा में स्नान करने आते हैं। मेले से दुकानदारों को भी आर्थिक लाभ होता है। मां गंगा गोकर्ण जनकल्याण सेवा समिति के सचिव जितेंद्र द्विवेदी ने बताया कि मेला सकुशल संपन्न हो गया।
लालगंज में भी महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की भीड़ से मेले गुलजार रहे। कस्बे के गुरुबख्शगंज चौराहे से बछरावां रोड रेलवे क्रॉसिंग तक लगी हटिया में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। महिलाओं ने गृहस्थी का सामान खरीदा, जबकि बच्चों के लिए लकड़ी, मिट्टी और कपड़े से बने खिलौनों की खूब बिक्री हुई। मिठाई और चाट-बताशे की दुकानों पर भी भीड़ रही। बच्चों ने झूले झूलकर मेले का आनंद लिया।
इसी तरह बेलहनी, अंबारा पश्चिम, शाहपुर, मलकेगांव और कुलकुलिया का पुरवा मजरे उदवामऊ में भी परंपरागत हटिया लगी। यहां आसपास के गांवों के ग्रामीणों की भीड़ रही। महिलाओं ने जरूरत का सामान खरीदा तो पुरुषों और युवाओं ने चाट-बताशे व मिठाइयों का स्वाद लिया। मेलों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम किए थे।
