भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मामले की जांच जारी है और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस घटना का भाजपा पर कोई राजनीतिक असर नहीं पड़ेगा और जनता एक बार फिर पार्टी को बहुमत देकर सरकार बनाएगी।

मंगलवार को लखीमपुर खीरी जिले के दौरे पर पहुंचे पंकज चौधरी ने शारदानगर बैराज पर पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसान नेता चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद एलआरपी चौराहे पर सदर विधायक योगेश वर्मा के नेतृत्व में उनका स्वागत किया गया। सैधरी कोल्ड स्टोरेज के निकट भी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया।

भाजपा कार्यसमिति की बैठक में की शिरकत 

शहर के मिदनिया चौराहे स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता के बाद उन्होंने भाजपा कार्यसमिति की बैठक में भाग लिया। बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने तथा जिले से जुड़े संगठनात्मक और राजनीतिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। प्रेसवार्ता में लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन और जिले में हृदय रोग विशेषज्ञ की कमी के सवाल पर उन्होंने कहा कि दोनों मुद्दे महत्वपूर्ण हैं और इन्हें मुख्यमंत्री व संबंधित स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।

निघासन विधानसभा क्षेत्र के झिन्नापुरवा गांव में आयोजित ‘गांव की बतकही’ कार्यक्रम में भी उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने और केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *