ललितपुर। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोग सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझ रहे हैं। कहीं सड़कें बनने के कुछ महीने बाद ही उखड़ रही हैं तो कहीं शुद्ध पेयजल का संकट है। उच्च शिक्षा के लिए छात्राओं को 50 से 80 किलोमीटर तक का सफर तय करना पड़ रहा है। वहीं, जाम और अतिक्रमण ने शहर की रफ्तार थाम रखी है। इन समस्याओं को लेकर व्यापारी नेताओं ने जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। अमर उजाला कार्यालय में ‘कैसा हो जनप्रतिनिधि’ विषय पर आयोजित संवाद में उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए जवाबदेह होना चाहिए।
व्यापारी नेताओं ने कहा कि तीन इंजन की सरकार होने के बावजूद जनपद में बुनियादी समस्याएं जस की तस हैं। न तो इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना हो सकी और न ही छात्राओं के लिए महिला डिग्री कॉलेज की व्यवस्था है। लोगों को गड्ढों से भरी सड़कों, पेयजल संकट और जाम से रोजाना जूझना पड़ता है।
जिला उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुरेश बड़ेरा ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों का विकास कराना भी है। सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। बनने के कुछ समय बाद ही सड़कें उखड़ने लगती हैं। इसके लिए निर्माण की समयसीमा के साथ गुणवत्ता की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। निर्माण स्थल पर बोर्ड लगाना अनिवार्य किया जाए, जिसमें लागत, कार्यदायी संस्था और निर्माण की समयसीमा का ब्योरा दर्ज हो। उन्होंने कहा कि बाहर से निर्माण सामग्री मंगाकर रातोंरात सड़क बना दी जाती है। ऐसे कार्यों की निगरानी के लिए स्थानीय लोगों की पांच सदस्यीय कमेटी गठित की जानी चाहिए।
—————————-
शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर भी उठाए सवाल
अभिषेक जैन ने कहा कि जनपद में विकास, रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में काफी काम करने की जरूरत है। राजकीय इंटर कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर की जानी चाहिए। मनीष जैन ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में महंगी मशीनें तो लगा दी गई हैं, लेकिन विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को उनका लाभ नहीं मिल पा रहा है। मेडिकल कॉलेज में अब तक कार्डियोलॉजिस्ट की व्यवस्था नहीं हो सकी है।
नगर अध्यक्ष नवनीत किलेदार ने कहा कि खदानें बंद होने से जनपद में रोजगार का संकट गहरा गया है। इससे राजस्व पर भी असर पड़ा है। सरकारी अस्पतालों में समस्याओं का अंबार है, लेकिन जनप्रतिनिधि इनकी सुध नहीं ले रहे हैं। संचित अग्रवाल ने कहा कि नई सड़कें छह महीने के भीतर ही उखड़ने लगती हैं। ऐसे निर्माण कार्यों की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। विजय पहलवान ने कहा कि आम जनता अतिक्रमण और भ्रष्टाचार से परेशान है। इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
——————————
बेटियों की उच्च शिक्षा और यातायात की सुविधा भी जरूरी
अशोक स्वर्णकार ने कहा कि जनपद में छात्राओं के लिए महिला डिग्री कॉलेज की स्थापना बेहद जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए 50 से 80 किलोमीटर दूर शहर आना पड़ता है। इससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। शहर में जाम की समस्या भी गंभीर है। इसके समाधान के लिए यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ अतिक्रमण हटाया जाना चाहिए।
राजू सिंधी ने कहा कि सागर के लिए रोडवेज बस सेवा उपलब्ध नहीं है। निजी बसें भी देर शाम तक संचालित नहीं होतीं। इससे यात्रियों को आवागमन में परेशानी होती है। राघवेंद्र सिंह बॉबी राजा ने कहा कि लोकसभा सीट न होने के कारण जनपद के विकास पर असर पड़ रहा है। जब विधायक, सांसद और निकाय अध्यक्ष सत्ताधारी दल के हैं तो फिर जनपद विकास से अछूता क्यों है। प्रदीप सतरवास ने कहा कि जनप्रतिनिधि ऐसा होना चाहिए जिसकी आम आदमी से लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सीधी पहुंच हो। उसे जनता की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान कराना चाहिए। जनप्रतिनिधियों को विद्यालयों का औचक निरीक्षण भी करना चाहिए, ताकि शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की कार्यप्रणाली में सुधार हो सके। संवाद में कई प्रमुख व्यापारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
