Mainpuri News: जिले में अलग-अलग स्थानों पर छत पर खेल रहे दो मासूम बच्चे अचानक नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना नगला पजाबा तो दूसरी ज्योति खुड़िया में हुई। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए दोनों को सैफई पीजीआई रेफर कर दिया। पहली घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के नगला पजाबा की है। नेम सिंह का दो वर्षीय पुत्र बाबू घर की छत पर खेल रहा था। खेलते समय अचानक वह छत से नीचे गिर गया। बच्चे के गिरने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे।
गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए सैफई पीजीआई रेफर कर दिया। बाबू इकलौता पुत्र बताया जा रहा है। दूसरी घटना औंछा थाना क्षेत्र के ग्राम ज्योति खुड़िया की है। सचिन का दो वर्षीय पुत्र मयंक घर की छत पर खेल रहा था। खेलते समय वह अचानक नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन पहुंचे और उसे जिला अस्पताल लेकर आए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए सैफई पीजीआई रेफर कर दिया। दोनों मासूमों का सैफई पीजीआई में उपचार जारी है।
