इटावा के ऊसराहार थाना क्षेत्र के चंद्रपुरा के पास इटावा-मैनपुरी मार्ग पर बुधवार दोपहर एक हादसा हो गया। सड़क पर अनाज फैला होने के कारण एक मोटरसाइकिल फिसल गई। बाइक पर पीछे बैठी महिला डंपर की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

.

हादसे में महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक पर सवार उनका चार-पांच साल का बच्चा सुरक्षित रहा, जिसे अस्पताल भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार, चौबिया थाना क्षेत्र के शादीपुर निवासी विनोद दुबे उर्फ पंकज अपनी पत्नी गोरजा (करीब 24 वर्ष) और बच्चे के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। चंद्रपुरा बंबा पुल के पास अनाज से लदा एक ट्रक पलट गया था। इससे काफी अनाज सड़क पर फैल गया था, जिससे फिसलन हो गई थी।

इसी दौरान विनोद दुबे की मोटरसाइकिल फिसलकर बेकाबू हो गई। बाइक गिरने से उनकी पत्नी गोरजा सड़क पर गिर गईं और पास से गुजर रहे डंपर की चपेट में आ गईं। गोरजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विनोद दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस को सूचना मिलते ही वह घटनास्थल पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से घायल विनोद दुबे को इटावा के जिला अस्पताल भेजा गया। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और यातायात संभाला। सड़क पर बड़ी मात्रा में अनाज फैला होने के कारण और हादसे रोकने के लिए फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड ने सड़क पर फैले अनाज को साफ कराया, जिसके बाद रास्ता ठीक हो सका।

थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि अनाज से लदे ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में कार्रवाई की जा रही है और हादसे की जांच जारी है।



Source link