गोमतीनगर निवासी व्यक्ति ने काजी सहित चार लोगों पर 17 वर्षीय बेटी के अपहरण का आरोप लगाया है। आरोपियों पर बेटी का धर्मांतरण कराने और 20 लाख रुपये की फिरौती मांगने का भी आरोप है। उन्होंने गोमतीनगर पुलिस पर तहरीर बदलवाने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पिता के अनुसार, उनकी बेटी पांच मई को रात करीब आठ बजे दुकान गई थी। घर न लौटने पर उसकी खोजबीन की गई। बाद में पता चला कि उजरियांव गांव निवासी शाहरुख, अम्मार रईस, दारुल वालेमा वरसिया के काजी और एक अज्ञात युवक ने उसे अगवा किया है। आरोप है कि काजी ने बेटी का धर्मांतरण कराया और उसे पीटा भी। कुछ घंटे बाद बेटी ने पिता को फोन पर घटना की जानकारी दी। तभी आरोपियों ने उसका मोबाइल छीन लिया और 20 लाख रुपये उजरियांव गांव पहुंचाने को कहा।
ये भी पढ़ें – यूपी में कल शाम 3:30 बजे होगा मंत्रिमंडल विस्तार, राज्यपाल से मुख्यमंत्री योगी ने की मुलाकात
ये भी पढ़ें – पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही गर्मी ने दिखाए तेवर, झांसी में तापमान 40 पार
पिता ने गोमतीनगर थाने में शिकायत की। उनका कहना है कि पुलिस ने जबरन उनसे तहरीर बदलवा दी। उन्हें आशंका है कि बेटी की हत्या कर दी गई होगी। इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी ने आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि पहले गुमशुदगी और फिर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज हुई है। आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। किशोरी को जल्द सुरक्षित खोज निकाला जाएगा।
