गुडंबा के पहाड़पुर में रहने वाली नर्स शालिनी विश्वकर्मा (24) ने प्रेमी की प्रताड़ना से आजिज आकर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। वह मूलरूप से बाराबंकी के घुंघटेर के बंदगी गांव की निवासी थीं। शालिनी पहाड़पुर में अपनी बहन प्रियंका और बहनोई अमित के साथ किराये के मकान में रहती थीं।

शालिनी के भाई मनोज ने बताया बहन का एक युवक से बीते तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ समय पहले कहासुनी होने पर शालिनी ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद युवक शालिनी के सहयोगियों को फोन कर बात कराने के लिए परेशान करने लगा।

शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान प्रेमी ने फिर सहयोगियों को फोन किया। एक सहयोगी ने शालिनी को डांटा और मामला बाहर निपटाने के लिए कहा। प्रेमी की हरकतों से परेशान शालिनी छुट्टी के बाद घर पहुंची। उसने मां मन्नो को फोन कर प्रेमी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात भी कही। खाना खाने के बाद शालिनी सोने चली गई। रात में बहन प्रियंका ने उसे फर्श पर मरणासन्न हालत में देखा। परिजन उसे लोहिया अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।

मनोज ने बहन के प्रेमी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर गुडंबा अंजनी कुमार ने बताया कि परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। शालिनी के परिवार में पिता राम, मां मन्नू, तीन भाई और चार बहनें हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *