बलरामपुर। जिले के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के इस्तेमाल में दक्ष बनाया जाएगा। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने जिम्मेदार उपयोग और डिजिटल सुरक्षा पर केंद्रित विशेष मार्गदर्शिका तैयार की है। इसकी मदद से शिक्षक पाठ योजना, प्रश्न और अभ्यास सामग्री तैयार कर सकेंगे। साथ ही कठिन पाठ्यक्रम को सरल तरीके से समझाने में भी एआई का सहयोग ले सकेंगे।
देवीपाटन मंडल के सहायक शिक्षा निदेशक रामसागर पति त्रिपाठी ने बताया कि समग्र शिक्षा की तरफ से तैयार डिजिटल मार्गदर्शिका में एआई के प्रभावी इस्तेमाल के तरीके बताए गए हैं। इसके तहत शिक्षक बहुविकल्पीय और लघु उत्तरीय प्रश्न तैयार कर सकेंगे। इसके अलावा वर्कशीट और चित्र आधारित अभ्यास सामग्री भी बनाई जा सकेगी। इससे शिक्षण कार्य को अधिक रोचक और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि राज्य परियोजना निदेशालय ने एआई टूल का चार चरणों में लक्ष्य आधारित इस्तेमाल करने का सुझाव दिया है। पहले टूल से प्राप्त जानकारी और सामग्री का परीक्षण व आकलन करना होगा। इसके बाद ही उसे शिक्षण कार्य में शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षकों को छात्रों के नाम, फोटो, यू-डायस कोड और अन्य गोपनीय जानकारी एआई टूल पर साझा नहीं करने की हिदायत दी गई है।

